अखिलेश का मोदी पर पलटवार कहा- अच्छे दिन का नारा तो भाजपा लेकर आयी थी

Akhilesh-Yadav-2मैनपुरी,  सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मोदी पर हमला जारी रखते हुए कहा अखबारों में खबर आती है कि भाजपा वाले कहते हैं कि सपा अच्छे दिन नहीं ला पायी। अच्छे दिन का नारा तो भाजपा ही लेकर आयी थी। यह नारा समाजवादियों ने कभी दिया ही नहीं था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नोटबंदी करके देश को लाइन में लगा दिया। भाजपा के लोगों को हिसाब देना चाहिये। अब तो सब पैसा बैंकों में जमा हो गया, भाजपा को हिसाब देना चाहिये कि कितना कालाधन बैंकों में आ गया।

अखिलेश ने मैनपुरी में सपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित रैली में कहा कि लाइन में लगे कई लोगों की जान चली गयी, उनकी केन्द्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। सिर्फ हमने मदद की। भाजपा ने नोटबंदी करके देश को धोखा दिया। इसका परिणाम क्या होगा, मैं नहीं जानता लेकिन अर्थव्यवस्था को नुकसान जरूर पहुंचा। अखिलेश ने कहा मोदी को हमारा काम नहीं कारनामे दिखते हैं। हम कहते हैं कि 19 तारीख को हमारा कारनामा देख लेना, जब जनता हमें फिर वोट देगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कोई काम नहीं किया। मोदी कहते हैं कि भाजपा की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। भाजपा शासित राज्यों मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के किसानों का कर्ज क्यों नहीं माफ किया। उन्होंने कहा कि उन्हें ज्ञापन दिया गया है कि गाय के लिये कोई सुरक्षित जगह बने। हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि उनकी सरकार के संरक्षण के लिये गौशालाएं बनवायी जाएंगी और सरकार उनके लिये चारे की व्यवस्था करेगी। अखिलेश ने कहा अगर मोदी हमसे काम पूछते हैं, तो मैं कहता हूं कि कम से कम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे देख लें.. उनकी आंखें खुल जाएंगी। जिस तरह लोग जीटी रोड को याद करते हैं, उसी तरह सदियों तक इस एक्सप्रेसवे को भी याद किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *