Breaking News

अयोध्या-काशी ने लक्ष्य पा लिया, अब ब्रज भूमि की बारी: मुख्यमंत्री योगी

आगरा,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि अयोध्या-काशी ने अपना लक्ष्य पा लिया। अब ब्रज भूमि की ही बारी है।

किरावली में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए श्री योगी ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्तार अंसारी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा “ आज कांग्रेस, सपा, बसपा के लोग माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ रहे हैं। इनको कह दो कि वोट तो कमल के निशान पर जाएगा। आपको पांच साल की छुट्टी दे रहे हैं, पांच साल जाकर फातिहा पढ़ो।”

फतेहपुर सीकरी से भाजपा प्रत्याशी सांसद राजकुमार चाहर के समर्थन में वोट की अपील करते हुये उन्होंने कहा “ एक तरफ कांग्रेस, सपा, बसपा थी, रामजन्मभूमि के लिए हमसे प्रमाण पूछते थे। राम-कृष्ण हुए ही नहीं, यह भी कहते थे। जैसे इस सृष्टि के पहले कांग्रेस, सपा, बसपा ही हुए थे। मोदी जी के कारण इनका झूठ फेल हो गया और पांच सौ साल बाद रामलला प्रकट हो गए।”

उन्होंने कहा, आगरा में आपका एयरपोर्ट बन रहा है। आगरा गंगा जल का सेवन कर रहा है और हर घर नल की योजना लागू हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, वर्ष 1947 में बड़े दंभ के साथ पाकिस्तान भारत से अलग हुआ था। पाकिस्तान की कुल आबादी 25 से 30 करोड़ है, जबकि भारत की आबादी 140 करोड़। भारत में पिछले चार साल से 80 करोड़ लोग फ्री राशन का लाभ ले रहे हैं जबकि पाकिस्तान में लोग रोटी के लिए मोहताज हैं। जितनी पाकिस्तान की आबादी है, उतनी आबादी को भारत में गरीबी रेखा से ऊपर उठा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, बसपा, सपा लोगों को तरसाते थे। बैंक खाते नहीं खुलवाते थे। गैस सिलेंडर नहीं थे। दस करोड़ को गैस कनेक्शन मिला, चार करोड़ को घर मिला। कुछ बच गए हैं, तीसरे कार्यकाल में हर व्यक्ति को सुविधा मिलेगी। भाजपा के शासन में चेहरा देखकर योजना का लाभ नहीं मिलता।

मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान देश के पूर्व वायुसेना अध्यक्ष आरकेएस भदौरिया भी मौजूद रहे।