Breaking News

अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, तीन घायल

बगपत,  उत्तर प्रदेश में बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को दोपहर एक मकान में अचानक विस्फोट होने से छत धराशायी हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

मामले की पड़ताल के बाद पुलिस ने बताया कि मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। विस्फोट होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि खेकड़ा थाना क्षेत्र के गांव घिटौरा गांव में रविवार को दोपहर अवैध रूप से पटाखे बनाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान विस्फोटक पदार्थ में जोरदार धमाका हो गया। धमाके से पूरा मकान दहल गया और छत धराशायी हो गई।

विस्फोट की धमक से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने जांच पड़ताल कर मौके से पटाखों का जखीरा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार घायलों को गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने गाजियाबाद रेफर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया, अभी तक की जांच में सामने आया है कि किराये पर मकान लेकर अवैध पटाखे बनाने का कार्य चल रहा था। आज पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें तीन मजदूर घायल हुए हैं।