लखनऊ , उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक अधिकाारियों के सबसे बड़े कार्यक्रम आइएएस वीक के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के तिलक हाल में अधिकारियों को संबोधित किया। आइएएस वीक के पहले ही दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आइएएस अफसरों को बड़ी नसीहत दे दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि ऊंचे पदो पर बैठे हैं तो उसी हिसाब से परफॉर्मेंस भी देनी होगी। इस अवसर पर मुख्य सचिव राजीव कुमार मौजूद थे। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव राजीव कुमार के समक्ष सुशासन और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दे रखे गए। योगी ने हल्के-फुल्के अंदाज में ही प्रशासनिक अधिकारियों को बड़ा संदेश दे दिया।
उन्होंने कहा कि आप लोगों की कार्य शैली से दूसरे कैडर के अधिकारियों को शिकायत रहती है। आप उनके कार्यो में बाधा पहुंचाते हैं। मुख्यमंत्री का इशारा हाल ही में आईएएस और आईपीएस विवाद की ओर था। उन्होंने कहा कि आप लोग ऊंचे पदो पर बैठे है। उस हिसाब से परफॉर्मेंस भी देनी होंगी।
आज से शुरू हुए आईएएस वीक 17 दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री की ओर से आज प्रशासनिक अधिकारियों को लंच दिया गया। इसके साथ ही आइएएस वीक में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होने हैं। आइएएस वीक के दूसरे दिन कल एनुअल जनरल मीटिंग होगी। इसमें सीनियर आईएएस अफसर अपनी मांगों और मौजूदा चुनौतियों को लेकर चर्चा करेंगे। प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार किया जाएगा।
वहीं 16 दिसंबर को आईएएस और आईपीएस के बीच मैत्री मैच का अायोजन होगा। इसके साथ ही फोटोग्राफी समेत कई तरह की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। 17 दिसंबर को समारोह का समापन होगा।