आम आदमी पार्टी सांसद मान ने मीडियाकर्मियों से की बदसलूकी, अखबार न पढ़ने की दी सलाह

maanनई दिल्ली,  फतेहगढ़ साहिब। आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने प्रिंट मीडिया पर निशाना साधते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को अखबार नहीं पढ़ने की सलाह दी है और आरोप लगाया कि खबरों के प्रकाशन में पैसे का असर होता है। मान ने यहां पार्टी की एक रैली में तय समय से चार घंटे बाद पहुंचने के बाद न केवल कथित तौर पर मीडियाकर्मियों से बदसलूकी की बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अखबार नहीं पढ़ने की सलाह भी दे डाली।

मीडिया के लोगों ने जब मान से यहां पास के बस्सी पठाना में रैली स्थल पर देरी से पहुंचने का कारण पूछा तो वह नाराज हो गये। मान ने गुस्साते हुए कहा, हमें आप के कार्यक्रमों की मीडिया रिपोर्टिंग की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आप के कार्यकर्ताओं से यहां तक कहा कि मीडियाकर्मियों को रैली स्थल से बाहर निकाल दिया जाए। कुछ कार्यकर्ताओं ने मीडियाकर्मियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। पुलिस ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मीडियाकर्मियों को बाहर निकाला और उनके कैमरे खींचने की कोशिश की। बस्सी पठाना के विधायक न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) निर्मल सिंह ने आप की रैली में मीडिया के साथ बुरा बर्ताव करने के लिए मान की कड़ी निंदा की।

Related Articles

Back to top button