Breaking News

आरपी मंडल बने यहां के नए मुख्य सचिव, इन वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार बदले

रायपुर,  छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1987 बैच के अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मंडल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि मुख्य सचिव सुनील कुमार कुजूर के सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य सरकार ने मंडल को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही राज्य में पदस्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा के आठ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का भी तबादला कर दिया गया है।

वर्ष 2018 में राज्य में कांग्रेस की नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन के बाद से राज्य सरकार ने दूसरे मुख्य सचिव की नियुक्ति की है। सरकार गठन के बाद राज्य सरकार ने 1983 बैच के अधिकारी अजय सिंह को हटाकर 1986 बैच के अधिकारी सुनील कुमार कुजूर को मुख्य सचिव नियुक्त किया था। कुजूर के सेवानिवृत्त होने के बाद अब मंडल को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने राजस्व मंडल बिलासपुर में अध्यक्ष पद पर पदस्थ अजय सिंह को उपाध्यक्ष, राज्य योजना आयोग के पद पर पदस्थ कर दिया। सिंह के स्थान पर 1987 बैच के अधिकारी अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग चित्तरंजन कुमार खेतान को अध्यक्ष, राजस्व मण्डल, बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने मंत्रालय में पदस्थ प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला को प्रमुख सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पद पर पदस्थ किया है तथा महानिदेशक, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद्‌, रायपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

आलोक शुक्ला भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1986 बैच के अधिकारी है तथा पूर्ववर्ती रमन सिंह सरकार के दौरान बहुचर्चित नागरिक आपूर्ति निगम घोटाले के आरोपी हैं। शुक्ला अभी जमानत पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू (1992 बैच) को प्रमुख सचिव, गृह एवं जेल विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए प्रमुख सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

वहीं मनोज कुमार पिंगुआ (1994 बैच) को प्रमुख सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, परिवहन आयुक्त, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी-सह-निवेश आयुक्त, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (मुख्यालय दिल्ली) को केवल प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग एवं परिवहन आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए प्रमुख सचिव, वन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने मनिन्दर कौर द्विवेदी (1995 बैच) प्रमुख सचिव, ग्रामोद्योग विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव, कृषि विभाग (स्वतंत्र प्रभार-उद्यानिकी, मंडी बोर्ड एवं दुग्ध महासंघ) तथा आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नयी दिल्‍ली को प्रमुख सचिव, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए प्रमुख सचिव, ग्रामोद्योग विभाग एवं आवासीय आयुक्‍त, छत्तीसगढ़ भवन, नयी दिल्‍ली का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने कमलप्रीत सिंह (2002 बैच), सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, अतिरिक्त प्रभार सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग एवं आयुक्त-सह-संचालक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्‍ता संरक्षण को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ सचिव, परिवहन विभाग एवं परिवहन आयुक्‍त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

वहीं भुवनेश यादव (2006 बैच) को विशेष सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार आयुक्‍त, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन को आयुक्‍त, स्वास्थ्य सेवायें के पद पर पदस्थ करते हुए प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।