इमरजेंसी की मानसिकता के साथ काम करती है कांग्रेस: केशव प्रसाद मौर्य

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि 50 साल पहले कांग्रेस सरकार ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के तीन स्तंभों को बंधक बना लिया था और आज भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने आंतरिक अशांति का बहाना बनाकर भारत पर आपातकाल थोप दिया था। विरोध करने वाले विपक्षी दलों को जेल में बंद कर दिया गया उन्हें जेल में शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी गई। प्रेस पर सेंसर लगाया गया और जनता पर दमन का कार्य किया गया उनका अधिकार निलंबित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि आपात काल के दौरान लोकतंत्र के तीनों सतंभों को बंधक बनाकर सत्ता के सामने घुटने टेकने को मजबूर कर दिया गया था। कांग्रेस अब भी उसी मानसिकता पर काम कर रही है , देश वासी अभी तक आपातकाल को भूले नहीं है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश सिंह यादव कांग्रेस की गोद में बैठ गए है और सच्चे समाजवादियों का अपमान कर रहे है। समाजवादी पार्टी अब समाप्त वादी पार्टी बन कर रह गई है। उन्होने दावा किया कि 2027 के विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और और प्रतापगढ़ जिले की सभी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीतेंगे।