Breaking News

इस चुनाव में देश को ‘कांग्रेस मुक्त’ कर महात्मा गांधी की इच्छा पूरी करना है: राजनाथ सिंह

बड़वानी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि इस चुनाव में देश को कांग्रेस मुक्त कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की इच्छा पूरी करना है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राजनाथ सिंह ने जिले के ठीकरी में खरगोन-बड़वानी संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी गजेंद्र पटेल के समर्थन में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमें बापू की मुराद पूरी करना है। बापू की मुराद थी कि कांग्रेस के झंडे तले सभी विचारधाराओं ने आजादी की लड़ाई लड़ी, अब आजादी मिलने के बाद कांग्रेस को भंग कर दिया जाए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए बापू की बात नहीं मानी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को कांग्रेस नेताओं के इस कदम से आत्मिक तकलीफ हुई होगी। हिंदुस्तान की जनता ने ठान लिया है कि इस बार कांग्रेस को समाप्त कर देंगे। यही महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद का भारत एक ताकतवर भारत है। इसके पहले भारत को अंतर्राष्ट्रीय मंचों से गंभीरता से नहीं लिया जाता था और यह माना जाता था कि यह कमजोर भारत है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत का मस्तक दुनिया में ऊंचा हुआ है। दुनिया आज कान खोल कर सुनती है है कि भारत क्या बोल रहा है।

उन्होंने कहा कि सारी दुनिया कोरोना के संकट से प्रभावित थी तब भारत में टीका उपलब्ध नहीं था। हमारी सरकार के सामने चुनौती थी कि इस संकट से कैसे निपटा जाए। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बेंगलुरु में जाकर वैज्ञानिकों से चर्चा की।

वैज्ञानिकों ने कहा कि हम टीका बना सकते हैं, लेकिन बहुत सी कठिनाइयां हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि उन्हें समस्त संसाधन और धन उपलब्ध कराए जाएंगे, वे टीका अवश्य बनाएं।

रक्षा मंत्री ने कहा की भारत की ताकत देखिए, इतना टीका तैयार हुआ कि भारत ही नहीं, बल्कि इसे दुनिया के 100 देश में उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि चीन अमेरिका रूस जैसे विकसित देशों में नागरिको को दो टीके तक नहीं लग सके, जबकि भारत में अपने देश के नागरिकों को दो और तीन टीके तक लगा दिए।

उन्होंने कहा कि भारत की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रही भीषण लड़ाई के दौरान अपने विद्यार्थियों को वहां से बाहर निकालने के लिए प्रधानमंत्री के आग्रह पर युद्ध को साढ़े 4 घंटे के लिये रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दोनों देशों के राष्ट्रपति के आग्रह के बाद 4:30 घंटे का युद्ध विराम हुआ और वहां पढ़ने वाले साढ़े 22 हजार विद्यार्थी भारत लौट सके।

उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी से लेकर मनमोहन सिंह तक का एक ही नारा रहता था कि वह गरीबी दूर करेंगे। सबने बात की, लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछले 8 साल में 25 करोड लोगों को गरीबी रेखा के बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि यह हम नहीं कह रहे हैं ,बल्कि दुनिया की वित्तीय संस्थाएं, बड़े-बड़े अर्थशास्त्री और नीति आयोग से लेकर अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का दावा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई है उसके प्रत्येक घोषणा पत्र में उल्लेखित का पूर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि दोनों सदनों में जब भी बहुमत आएगा राम मंदिर को बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकेगी। उन्होंने कहा कि ढांचा गिरने के बाद वह एक आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे, उस समय यह नारा लगाता था कि ‘मंदिर वहीं बनाएंगे’ दूसरी ओर विपक्ष कहता था कि ‘तारीख नहीं बताएंगे’। हमने धोखा नहीं दिया और राम का भव्य मंदिर बनाकर 22 जनवरी 2024 को उसकी प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी। हमने मंदिर भी वही बनाया और तारीख भी बता दी। उन्होंने कहा कि राम लला झोपड़ी से महल तक पहुंच चुके हैं, अब राम राज का आगाज होकर रहेगा।

उन्होंने कहा कि विपक्ष रामराज को काल्पनिक मानता है। मेरा मानना है कि रामराज का मायने अधिकार बोध नहीं, बल्कि दायित्व, कर्तव्य देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी है। जब यह सब आ जाएंगे, तो रामराज भी आ जाएगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू और कश्मीर को कांग्रेस ने धारा 370 के तहत विशेष दर्जा दे दिया था। वहां आरक्षण नहीं था, कोई व्यवस्था नहीं थी मनमर्जी का काम होता था और विकास भी ठप था। कांग्रेस ने तो वहां सरेंडर कर दिया था। हमारे नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि जम्मू और कश्मीर में 370 समाप्त होना चाहिए और हमने चुटकी बजाकर खत्म करके दिखा दिया।

उन्होंने कहा कि तकनीक में भी भारत आगे बढ़ा है। चंद्रयान-2 की विफलता के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी ने रोते हुए वैज्ञानिकों को गले लगाकर कहा कि चंद्रयान-3 की तैयारी में किसी भी संसाधन की कमी नहीं आने दी जाएगी। भारत सरकार के इस प्रोत्साहन से वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 को विश्व में पहली बार चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतार कर बता दिया। उन्होंने कहा कि भारत के यूपीआई को कई देशों ने मान्यता देकर उसकी नकल की है और डिजिटल लेनदेन में भारत की सहभागिता 46 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि जहां 600 करोड रुपए के आयुध सामग्री का एक्सपोर्ट होता था, वहां आज 21000 करोड रुपए का एक्सपोर्ट हो रहा है, जिसमें ब्रह्मोस मिसाइल भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हम हिंदू मुसलमान के आधार पर भेदभाव नहीं करना चाहते न ही इस तरह की राजनीति करते हैं। हमारे भारत के ऋषि मुनियों ने न केवल भारत की सीमा में रहने वालों को परिवार का सदस्य माना है, बल्कि विश्व को अपना परिवार माना है और वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा हम वोट की लालच या सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश बनाने की राजनीति करते हैं। जो भी भारत का नागरिक है, वह हमारा भाई है। हम हर बहन के साथ खड़े हैं और तीन तलाक को इसी के तहत समाप्त किया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर के चलते भारत की राजनीति में विश्वसनीयता का संकट पैदा हो गया था। उन्होंने कहा कि जनता के बीच राजनीति शब्द, अपना अर्थ और भाव खो चुका थी। हमने इस संकट को चुनौती के रूप में लिया। उन्होंने कहा राजनीति का मतलब है कि ऐसा पॉलीटिकल सिस्टम, जो समाज को सन्मार्ग की ओर ले जाने का काम करें।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि 100 पैसे भेजते हैं और 14 पैसे पहुंचते हैं। हल भ्रष्टाचार को चुनौती के रूप में लेकर हमारे प्रधानमंत्री ने जनधन खाते खुलवाए और जनधन आधार और मोबाइल की त्रिमूर्ति के माध्यम से 100 के 100 पैसे जनता तक पहुंचाने का काम कर दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी की इसी तरह की दूर दृष्टि है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होना बंद होना चाहिए। अगले 5 वर्ष में विधानसभा और लोकसभा एक साथ होंगे, इसकी गारंटी भारतीय जनता पार्टी लेती है। उन्होंने कहा जिस तरह डायनासोर लुप्त हो गए, मुझे लगता है इस तरह कांग्रेस भी लुप्त हो जाएगी।