Breaking News

उत्तराखंड में कांग्रेस की रैली फ्लॉप शो: भाजपा

देहरादून, उत्तराखंड के देहरादून में रविवार को हुई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली को प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने फ्लॉप शो करार दिया।

श्री भट्ट ने कहा कि जनता को कांग्रेस पर अब भरोसा नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष आज भी जनता के बीच महज मोदी चालीसा का पाठ करते रहे, लेकिन जनता के बीच कोई विश्वसनीय बात नही कह पाये। उन्होंने कहा कि वह आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरोध पर केंद्रित रहे। उन्होंने कहा,“ श्री मोदी महामानव हैं और विकास के लिए अवतरित हुए हैं। जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उन्हें किसी अवतार से संबोधित कर रहे है, लेकिन व्यंग्य मे कहते हुए वह विषैले बोल रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष एक तरफ लोकतंत्र की दुहाई देते फिर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर हर मंच पर एक परिवार के गुणगान करके राजधर्म का पूरा पालन कर रहे हैं।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा,“ भाजपा सरकार में ही सैनिकों की सुध ली गयी और आज सैन्य परिवारों को हर सुविधाएं मिल रही हैं। वन रैंक वन पेंशन सहित सैनिकों के हित में कई बेहतर निर्णय लिए गए जिन्हें उपलब्धि कहा जा सकता है। बड़े मैदान की क्षमता के अनुरूप भीड़ न जुटने की आशंका से कांग्रेस ने बन्नु कालेज पहले ही बुक करा दिया, लेकिन सहानुभूति बटोरने के लिए परेड ग्राउंड न मिलने का रोना रोती रही।आज जनता का झुकाव भारतीय जनता पार्टी की ओर है और उसे श्री मोदी की विकास परक नीति पर भरोसा है। अगर, कांग्रेस ने समावेशी विकास किया होता तो उसे आज जनता के सामने गिडगिड़ाने की जरूरत नही होती।”

श्री भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के किसी भी केंद्रीय नेता का देवभूमि आगमन शुभ नहीं रहा। पहली बार जब प्रदेश प्रभारी यहां आई तो कांग्रेस और अन्य दलों से एक हज़ार लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे तो कांग्रेस के एक पूर्व विधायक सहित कांग्रेस के कई जनाधार वाले नेताओं सहित तीन हज़ार लोगों ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि देश भर मे न्याय यात्रा निकाल रही कांग्रेस तो अपने कार्यकर्ताओ के साथ भी न्याय नहीं कर पायी और नेता हो या कार्यकर्ता सभी वहाँ जा रहे हैं जहाँ उनका सम्मान सुरक्षित है।