उप्र में तेज धूप, गर्म हवाओं ने बढ़ाई तपिश

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के अन्य जिलों में बुधवार सुबह गर्म हवाएं चल रही हैं और तेज धूप निकली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, आज दिन में तेज धूप निकलेगी और आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार करने की उम्मीद है। गुप्ता ने बताया कि पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की तरफ से आने वाली हवाओं की वजह से उमस में भी इजाफा होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है। लखनऊ के अतिरिक्त बुधवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 23.1 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 24 डिग्री सेल्सियस और आगरा का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button