एसआईआर प्रक्रिया को गंभीरता से लें कार्यकर्ता: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुरीक्षण (एसआईआर) में पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ जनता की मदद करनी होगी।

अखिलेश यादव ने बुधवार को प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया को गंभीरता से लेना आवश्यक है, क्योंकि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही लोकतंत्र को नुकसान पहुँचा सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चालाकियों से सतर्क रहना होगा और इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा की कोई भी चाल कामयाब नहीं होने दी जाएगी।

पार्टी राज्य मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात के बाद पार्टी के सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की बढ़ती ताकत से भाजपा घबराई हुई है। 2026 में की गई मेहनत ही 2027 में सफलता की नींव बनेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग की साख दांव पर है। उन्होंने सवाल उठाया कि ग्राम पंचायत स्तर और विधानसभा–लोकसभा क्षेत्रों की मतदाता संख्या में अंतर क्यों है। इस विषय पर पूरी गंभीरता और पारदर्शिता आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है और नकारात्मक राजनीति कर रही है। विपक्षी दलों के नेताओं की छवि खराब करने के लिए दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से भाजपा के कुप्रचार से सतर्क रहने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी का राजनीतिक गणित पूरी तरह तैयार है और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। सरकार बनने पर जनता के हित में काम किए जाएंगे। महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। किसानों और नौजवानों के लिए ठोस फैसले होंगे और प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में हर तरफ लूट मची है और नशे का कारोबार फैल रहा है। भाजपा के सत्ता संरक्षण में भ्रष्टाचारी प्रदेश को लूट रहे हैं।

Related Articles

Back to top button