Breaking News

कांग्रेस ने गरीबों के साथ अत्याचार के सारे रिकार्ड तोडे : अनुराग ठाकुर

सागर, विदिशा,  केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज कहा कि कांग्रेस ने गरीबों के साथ अत्याचार के सारे रिकार्ड तोड दिए है, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।

अनुराग ठाकुर ने मध्यप्रदेश के सागर जिले के खुरई में पार्टी प्रत्यशी भूपेंद्र सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने विदिशा जिले में भी चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगले पांच सालों में खुरई में ऐसा कोई गांव नहीं होगा जहां सिंचाई के लिए किसानों को पानी नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी नहीं सोचा कि बड़ी ट्रेन चलाई जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत ट्रेनें चलाने का काम किया और लगातार जारी है। मध्यप्रदेश भी इस सौगात से अछूता नहीं रहा है। कांग्रेस ने 60 साल के शासन में डेढ़ करोड़ पक्के मकान बना कर दिए थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 9 साल में 4 करोड़ पक्के मकान बना कर दे दिए।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही वादाखिलाफी करती आयी है। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी नहीं हटी। बीते विधानसभा चुनाव में कर्जमाफी का किसानों से वादा किया, लेकिन किसानों को डिफाॅल्टर बना दिया। गरीबों के साथ अत्याचार के सारे रिकार्ड तोड दिए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अभूतपूर्व रूप से गरीबों के लिए काम किया है। रिकार्ड लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी राजस्थान में अपराध के ग्राफ का जिक्र नहीं करती। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार में दो लाख महिलाओं पर अत्याचार के मामले दर्ज हुए। 35 हजार बेटियों के साथ दुष्कर्म हुए, लेकिन प्रियंका गांधी को यह सब नहीं दिखता।