कांग्रेस ने महिला आरक्षण में दलित,पिछड़ा और मुस्लिम के लिये अलग से आरक्षण की वकालत की

सीतापुर,  उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शुक्रवार को एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित महिला आरक्षण सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने महिला आरक्षण में दलित, पिछड़े और पिछड़े मुस्लिम वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

कार्यक्रम में कांग्रेस पिछड़ा विभाग के अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने कहा कि यदि महिला आरक्षण में पिछड़े, दलित और पिछड़े मुस्लिम समुदाय की महिलाओं के लिए हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं की गई, तो यह व्यवस्था अधूरी और बेमानी साबित होगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप इन वर्गों को समुचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

इस अवसर पर सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार दलित, पिछड़े और पिछड़े मुस्लिम वर्ग की महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सुभाषिनी यादव ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा चिंताजनक है और इसके बावजूद महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार की नीयत स्पष्ट नहीं है।

वहीं, सुनीला रावत ने सवाल उठाया कि जब ग्राम पंचायत स्तर पर दलित, पिछड़ी और मुस्लिम महिलाओं को आरक्षण दिया जा रहा है, तो वही व्यवस्था विधानसभा और लोकसभा में क्यों लागू नहीं की जा रही।

कार्यक्रम में सुनीता चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी महिलाओं के अधिकारों और समान भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान शिव प्रकाश सिंह, राहुल सिंह, हसीना खातून और विष्णु गौतम समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button