Breaking News

कांग्रेस ने संगठनात्मक चुनाव कराने की तिथि की घोषित, राहुल बन सकतें हैं अध्यक्ष

नई दिल्ली,  कांग्रेस ने आखिरकार अपने संगठनात्मक चुनाव कराने का फैसला कर लिया है। चुनाव आयोग ने पार्टी को इस साल दिसंबर तक संगठन चुनाव करवाने को कहा था। इसे देखते हुए पार्टी ने अक्टूबर तक संगठन चुनाव संपन्न करा लेने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष का चुनाव 16 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच कराया जाएगा।

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव अधिकारी मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। उन्होंने सभी जिला कांग्रेस प्रमुखों से 15 मई तक पार्टी सदस्यता अभियान संपन्न करा लेने को कहा है। यह अभियान 2015 से चल रहा है। 30 मई तक प्राथमिक सदस्यों की सूची प्रकाशित कर देने को कहा गया है। ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों के चुनाव 21 अगस्त से चार सितंबर के बीच कराए जाएंगे।

जिला कांग्रेस कमेटियों के चुनाव पांच से 15 सितंबर के बीच होंगे। इसके बाद 15 अक्टूबर तक प्रदेश समितियों और एआईसीसी सदस्यों तथा कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव पूरे होंगे। एआईसीसी सदस्यों द्वारा पार्टी कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव पार्टी के पूर्ण अधिवेशन में होगा, जिसकी तारीख बाद में घोषित होगी।

कांग्रेस कार्यकारी समिति ने नवंबर 2016 की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी से पार्टी की कमान संभालने का अनुरोध किया था। उस समय वरिष्ठ पार्टी नेता एके एंटोनी ने कहा था कि राहुल के लिए कांग्रेस अध्यक्ष बनने का यह सही समय है। हर पांच साल में पार्टी को आंतरिक चुनाव कराना पड़ता है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग ने जून तक कांग्रेस को संगठन चुनाव करवाने का निर्देश दिया था। लेकिन, कांग्रेस एक साल का समय चाह रही थी। आयोग इसके लिए तो तैयार नहीं हुआ। हालांकि आयोग ने कांग्रेस को कुछ और समय देते हुए दिसंबर तक चुनाव करवा लेने को कहा है।