कानपुर में एक अप्रैल से शुरु होगा संचारी रोग रोकथाम अभियान

कानपुर, कानपुर जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एक अप्रैल से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में समन्वय बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने और फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डेंगू और मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी नियमित क्षेत्रीय भ्रमण करें और अभियान की प्रगति की समीक्षा करते रहें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी एमओआईसी अपना मुख्यालय न छोड़े और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्यों की निगरानी करें।
स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराने और विद्यालयों के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं, घर के आसपास पानी जमा न होने दें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” के संदेश के साथ जनभागीदारी से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा। संचारी रोगों से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5145 जारी किया गया।





