काशी में 259 करोड़ से बिछेगी नई सीवर व पेयजल लाइन, पीएम मोदी कर सकते हैं शुभारंभ

वाराणसी, केंद्र और राज्य सरकार वाराणसी के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़े कदम उठा रही हैं। इसी क्रम में अमृत 2.0 योजना के तहत वाराणसी नगर निगम के 18 अति-प्रभावित वार्डों और विस्तारित क्षेत्रों के लिए 259 करोड़ रुपये से अधिक की तीन प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

परियोजनाओं की पहली किस्त जारी कर दी गई है और टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है। संभावना है कि होली के बाद सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो जाएगा। मेयर अशोक तिवारी ने बताया कि योजनाओं का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा सकता है।

नव विस्तारित क्षेत्र रामनगर और सूजाबाद में सीवर व पेयजल नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। रामनगर जोन में सीवर नेटवर्क और घर-घर कनेक्शन के लिए 190 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। यहां 69.98 किमी ब्रांच लाइन और 3.4 किमी राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही 10 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और दो सीवर पंपिंग स्टेशन (एसपीएस) बनाए जाएंगे।

सूजाबाद जोन में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के विस्तार के लिए लगभग 35 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत 13,645 घरों को निःशुल्क सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। शासन के संयुक्त सचिव देवेश मिश्रा द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वाराणसी के विकास में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा।

शहर के कई हिस्सों में सीवर और पेयजल पाइपलाइनें लगभग 200 वर्ष पुरानी हैं, जिससे सीवर ओवरफ्लो और जल लीकेज की समस्या बनी रहती है। वर्तमान में लगभग 48 प्रतिशत पानी लाइन लॉस के रूप में व्यर्थ हो जाता है। नई पाइपलाइन बिछने से जल हानि पर नियंत्रण होगा और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

Related Articles

Back to top button