कुछ लोगों का भूत बूथ पर उतर जायेगा: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिये बगैर उन पर निशाना साधते हुये कहा कि जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के साम्प्रदायिक और नफरती एजेंडे की हवा निकाली है और अगली बार कुछ लोगों का भूत बूथ पर उतर जाएगा।
अखिलेश यादव ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में पक्षपात सबसे बड़ा दुर्गुण है। भाजपा भेदभाव और नफरत की राजनीति करती है। भाजपा सरकार में पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, पीडीए के साथ हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। भाजपा सरकार और उसके नेताओं का रवैया भेदभावपूर्ण और अलोकतांत्रिक है। सरकार अलोकतांत्रिक और संविधान विरोधी कार्य कर रही है। जनता सब देख रही है।
गौरतलब है कि गौरतलब है कि वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि जौनपुर में मुहर्रम के दौरान एक घटना हुई। ताजिया को इतना ऊंचा किया कि हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गए। तीन लोगों की मृत्यु हो गयी जिसके बाद उपद्रव हुआ और रोड जाम कर दिया। पुलिस ने उनसे पूछा तो उन्होने कहा लाठी मारो इनको। ये लातों के भूत हैं बातों से नही मानेंगे। इसका किसी ने सोशल मीडिया पर विरोध नही किया लेकिन कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने नौ साल के कार्यकाल में किसानों, नौजवानों महिलाओं सभी को धोखा दिया है। विकास और रोजगार के लिए कोई कार्य नहीं किया। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाया है। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किये थे। भाजपा सरकार के पास जनता से जुड़े सवालों का जवाब नहीं है। आज नौजवानों के पास नौकरी, रोजगार नहीं है। भाजपा सरकारी विभागों का निजीकरण कर नौकरियां और आरक्षण खत्म कर रही है। किसानों को खाद, पानी और कीटनाशक दवांए तक नहीं मिल रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक पदों पर आसीन लोग अपनी भाषा और पद की मर्यादा को भूलकर संविधान और लोकतंत्र विरोधी कार्य कर रहे है। जनता अब भाजपा को और बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।