Breaking News

कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह आज लायी जाएगी गृहनगर भोपाल

भोपाल, तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर हादसे के कारण शहीद हुए वायुसेना के जांबाज अधिकारी ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह आज दिन में गृहनगर भोपाल लायी जाएगी।

शौर्य चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की अंत्येष्टि शुक्रवार को यहां पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ की जाएगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह गुरुवार को बंगलूरु से सेना के विशेष विमान से यहां लायी जाएगी। उनका पार्थिव शरीर हवाईअड्डे से उनके यहां स्थित इनर कोर्ट कॉलोनी स्थित निवास पर ले जाया जाएगा। आज दिन में कॉलोनी निवासी और अन्य नागरिक ग्रुप कैप्टन के अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

सेना के सूत्रों ने कहा कि ग्रुप कैप्टन की अंत्येष्टि शुक्रवार को दिन में भदभदा विश्रामघाट पर की जाएगी। इसके पहले उन्हें यहां थ्री ईएमई (इलेक्ट्रानिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स) केंद्र में सैन्य अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में अंतिम विदायी दी जाएगी।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भोपाल निवासी कर्नल के पी सिंह (सेवानिवृत) के पुत्र हैं। कर्नल के पी सिंह के एक अन्य पुत्र तनुज सिंह भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह आठ दिसंबर को तमिलनाडु में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए बंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उनका निधन हो गया। इस खबर के बाद कल से ही यहां ग्रुप कैप्टन के निवास पर उनके परिचित और रिश्तेदार पहुंचना प्रारंभ हो गए थे।