गोली लगने से पुरुष की मौत, महिला घायल

भिंड, मध्यप्रदेश के भिंड के देहात थाना क्षेत्र में एक महिला और पुरुष को गोली लगने के मामले को पुलिस सुलझाने में जुटी हुयी है। इस घटना में पुरुष की मृत्यु हो गयी और महिला को गंभीर स्थिति में ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यहां फल मंडी के पास कल रात एक घर में 30 वर्षीय पूजा यादव को गोली लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची। मौके पर जाकर देखा तो मकान के एक कक्ष में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था और महिला पूजा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल थी। महिला को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर भेज दिया गया। वहीं पुरुष की पहचान घटना के लगभग पंद्रह घंटे बाद आज दोपहर तक नहीं हो सकी।

सूत्रों ने कहा कि गोली किसने चलायी, इसके संबंध में भी जांच की जा रही है। मृत पुरुष की पहचान की जा रही है। महिला पूजा विवाहित है और उसका पति सेना में सेवारत हैं। महिला के पति के जम्मू एवं कश्मीर में तैनात होने की बात सामने आयी है।