ग्रीस के प्रधानमंत्री मिले PM मोदी से , द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी पर की बात

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के अवसर पर ग्रीस के प्रधानमंत्री क्य्रियाकोस मिट्सोटाकिस से मुलाकात की और द्विपक्षीय रणनीति साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। ग्रीस के प्रधानमंत्री सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिन की भारत यात्रा पर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी से उनकी मुलाकात के दौरान ग्रीस के डिजिटल गवर्नेंस मंत्री दिमित्रियॉस पापास्टरजिओ और वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित था। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के समग्र पहलुओं की समीक्षा की और इस बात का उल्लेख किया कि यह साझेदारी विविध क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नए क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने हाल की कनेक्टिविटी पहलों की सराहना की और इन्हें विस्तारित करने की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने यह भी माना कि उच्च स्तरीय हाल के आदान-प्रदान ने रणनीतिक साझेदारी को नई गति दी है और हाल ही के भारत–ईयू मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
यह प्रधानमंत्री मिट्सोटाकिस की भारत की दूसरी यात्रा है। उन्होंने इससे पहले फरवरी 2024 में भारत का दौरा किया था, जो 15 वर्षों में ग्रीस के किसी प्रमुख पदाधिकारी की पहली भारत यात्रा थी। इसके पहले श्री मोदी अगस्त 2023 में एथेंस का दौरा कर चुके हैं, जब द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।





