ग्रेटर नोएडा में गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, लाखों का नुकसान

ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा वन स्थित एक पीजी मकान में सोमवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की तेज आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत फैल गयी। आग लगने से मकान में रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि बीटा-दो कोतवाली पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच गयी और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति नियंत्रण में है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर बीटा-वन स्थित एक मकान में पीजी संचालित किया जा रहा है। आज पीजी में रहने वाले लोग रसोई में खाना बना रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों तक उसकी आवाज सुनाई दी और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

स्थानीय लोगों के अनुसार विस्फोट के बाद मकान के अंदर रखा फर्नीचर, रसोई का सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। हालांकि गनीमत यह रही कि घटना के समय मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने लोगों से रसोई गैस का उपयोग करते समय सावधानी बरतने और गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button