Breaking News

चंद्रयान-2 पर पीएम मोदी वैज्ञानिकों से बोले, आप पत्थर पर लकीर खींचने वाले लोग हैं

बेंगलुरु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रमा पर भारत के दूसरे मिशन चंद्रयान-2 की यात्रा को शानदार और जानदार बताते हुये शनिवार को कहा कि आखिरी क्षणों में चाँद की सतह पर उतरने से चूकने के बाद उसे छूने और गले लगाने की हमारी इच्छा शक्ति और मजबूत हुई है तथा आने वाले समय में हम निश्चित रूप से सफल होंगे।

चंद्रयान के मिशन नियंत्रण कक्ष में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष डॉ. के. शिवन तथा अन्य वैज्ञानिकों की मौजूदगी में राष्ट्र को संबोधित करते हुये श्री मोदी ने कहा “विज्ञान में विफलता होती ही नहीं है, केवल प्रयोग और प्रयास होते हैं।

चंद्रयान का आखिरी पड़ाव भले ही आशा के अनुरूप न रहा हो, पर हमें याद रखना चाहिये कि उसकी यात्रा जानदार और शानदार रही है। इस वक्त भी हमारा ऑर्बिटर पूरे शान से चंद्रमा का चक्कर लगा रहा है।”