जबलपुर क्रूज हादसे के बाद काशी में पुलिस अलर्ट, 15 नावें सीज

वाराणसी, मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे में काशी में भी गंगा नदी में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार रात तक चले अभियान के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 15 नावों को सीज कर दिया गया तथा कई नाव चालकों और मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नाव पर सवार यात्रियों को लाइफ जैकेट न देना, लाइफ जैकेट खराब होना, चलती नाव पर रील बनाना या सेल्फी लेना, ओवरलोडिंग समेत कई अनियमितताएं पुलिस की टीम ने पकड़ीं। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अपर पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने जल पुलिस के साथ मिलकर नमो घाट तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि यह अभियान काफी समय से लगातार चलाया जा रहा है। जल पुलिस की टीम नियमित गश्त कर रही है।

डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि लाउड हेलर के माध्यम से नाव संचालन कर रहे नाविकों और यात्रियों को निरंतर सचेत किया जा रहा है कि क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं और सभी यात्रियों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाएं। साथ ही चलती नाव पर सेल्फी या रील बनाने वालों को रोका जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के दौरान अक्सर श्रद्धालुओं व पर्यटकों की डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए बहुत जल्द ही 11 गंगा घाटों पर फ्लोटिंग जेटी (डिवाइडर) और सुरक्षा जाल लगाए जाएंगे। कुंभ के दौरान प्रयागराज में सफलतापूर्वक इस्तेमाल किए गए इस मॉडल को यहां भी अपनाया जा रहा है। फ्लोटिंग बैरिकेडिंग और वॉच टावर का भी इंतजाम किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button