जालौन में आंधी बारिश ने बढ़ायी किसानों की चिंता

जालौन,  उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज धूलभरी आंधी के बाद कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे रबी फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हुआ, वहीं इसका सीधा असर किसानों की मेहनत पर पड़ता दिख रहा है। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं समेत अधिकांश रबी फसलें कटकर खेतों में ढेर के रूप में पड़ी हैं, जो बारिश और ओलों से प्रभावित हो सकती हैं। किशन, रामप्रकाश, पप्पू, संतराम सहित अन्य किसानों ने बताया कि भीगने से फसल की गुणवत्ता खराब होने और वजन में कमी आने की आशंका है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अपनी कटी फसलों को बचाने के लिए उन्हें समेटने, ढकने और सुरक्षित स्थानों पर रखने में जुटे हुए हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव और हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसान फिलहाल मौसम के जल्द स्थिर होने की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button