लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
उन्होने गुरुवार काे कहा कि गृह मंत्री की माफी को लेकर सांसदों की मांग सही है। बाबा साहब पिछड़े, दलितों, गरीबों, वंचितों, शोषितों और पीड़ित वर्गों के भगवान हैं। पीडीए के लोग बाबा साहब को भगवान मानते हैं। आज गांव गांव घर-घर उनको पूजा जाता है। हम सब उनका बहुत सम्मान करते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से गरीब और वंचित समाज को सम्मान पूर्वक जीने का रास्ता दिखाया। भाजपा बाबा साहब का संविधान नहीं मानती है। पूरा देश देख रहा है कि भाजपा के लोग बाबा साहब अंबेडकर के लिए किस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह वही लोग हैं जो बाबा साहब अंबेडकर के बनाए हुए संविधान को बदलना चाहते थे। यह संविधान नहीं मन विधान से चलने वाले लोग हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब के बारे में जो निकलकर सामने आया है वह भाजपा नेताओं का नेचुरल भाव है। हम लोग पहले से भी कह रहे हैं कि लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। यह बात राज्यसभा में सामने आ गई।
अखिलेश यादव ने संभल बिजली विभाग की छापेमारी को लेकर कहा कि वहां पर सरकार के अधिकारियों ने खेल किया है। अधिकारी छापा मार रहे हैं और परेशान कर रहे हैं। महिलाओं को अपमानित कर रहे हैं, सांसद के भी घर गए थे। उन्होने कहा “ मैं तो कहूंगा कि मुख्यमंत्री जी अपने भाजपा के लोगों की भी जांच करें, उनके घरों पर भी छापे मारे, वह बड़े पैमाने पर बिजली चोरी कर रहे हैं। अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश में जहां-जहां बड़ी-बड़ी कंपनियों को छापे पड़े थे वह सब भाजपा के लोग हैं।”