दिल्ली में सर्दी का सितम, न्यूनतम तापमान पहुंचा 2.3 डिग्री सेल्सियस

नयी दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में लगातार पांचवें दिन भी शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम केंद्र सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस इलाके में मौसम का सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार पालम में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिल्ली में सबसे कम और सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस नीचे है। ठंड का असर पूरी राष्ट्रीय राजधानी में देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 3.4 डिग्री सेल्सियस और रिज में न्यूनतम तापमान 4.5 सेल्सियस दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि मौसम विभाग वास्तविक न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाने पर शीतलहर के तौर पर परिभाषित करता है। यह मानदंड दिल्ली के पांच मौसम निगरानी केंद्र या बेधशाला में से चार में पूरा हुआ है।राष्ट्रीय राजधानी में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बढ़ गयी है, जिसके कारण सुबह के समय दफ्तर जाने वालों को परेशानी हो रही है। यहां गुरुवार सुबह पूरे शहर में घना से हल्का कोहरा छाया रहा।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पालम में दृश्यता एक घंटे के अंदर 200 मीटर से घटकर 50 मीटर हो गयी। सुबह छह बजे से 8.30 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। सफदरजंग में भी शुरुआत में दृश्यता कम हो गयी और सुबह छह बजे 400 मीटर से घटकर 6:30 बजे तक 100 मीटर पर आ गयी। घना कोहरा होने के कारण, फिर 8:30 बजे तक 200 मीटर रह गयी।





