Breaking News

देशभर में श्रमिकों को उनके योगदान के लिए किया गया याद

नयी दिल्ली, अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर सोमवार को देशभर में विभिन्न कारखानों और संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों और कामगारों के योगदानों के लिए उन्हेंं याद किया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, श्रम मंत्री भपेद्र यादव सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेताआें ने भी श्रमिक दिवस पर श्रमिकों के योगदान को याद किया।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मजदूर दिवस के अवसर पर भारत की प्रगति में अतुलनीय योगदान देने वाले देश के करोड़ों श्रमिकों के दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के लिए नमन किया।

अमित शाह ने ट्वीट किया, “श्रमिक दिवस के अवसर पर भारत की प्रगति में अतुलनीय योगदान देने वाले देश के करोड़ों श्रमिकों के दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत को नमन करता हूँ। मोदी सरकार उनकी समृद्धि के साथ सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर उन्हें सशक्त बना रही है, जिससे देश की श्रमशक्ति और मजबूत हो रही है।”

केन्द्रीय श्रम मंत्री यादव ने ट्वीट किया, “देश के सभी श्रमजीवियों को मजदूर दिवस के अवसर पर बधाई।

देश की प्रगति में हमारे करोड़ो श्रमजीवियों का योगदान अहम है। अपनी मेहनत और लगन से हमारे श्रमिकों ने भारत को नित नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। आप राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के मजबूत स्तंभ हैं।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवार ने श्रम दिवस पर श्रमिकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर मैं सभी श्रमिक भाइयों-बहनों को नमन करता हूँ। देश के निर्माण में हमारे श्रम योगियों की तपस्या एवं योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। हमारे श्रमिकों की कर्मठता ही देश की प्रगति का मज़बूत आधार है।”

मजदूर दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पर्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि श्रमिकों के अधिकार सर्वोपरि है और पार्टी सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, इसलिए पार्टी श्रमिक अधिकारों को सर्वोपरि मानती है और उनके हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया “श्रमेव जयते। देश की आधारशिला बनाने में हमारे श्रमिकों का अद्वितीय योगदान होता है। कड़ी मेहनत और जद्दोजहद कर वे राष्ट्र निर्माण में अपनी अभिन्न भागीदारी सुनिश्चित करते है।’”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लिए, हमारे श्रमिकों के अधिकार सर्वोपरि रहे हैं और हमेशा रहेंगे। हम उनके साथ हैं।’”

श्री गांधी ने कहा, “देश के सभी मज़दूर भाइयों और बहनों को अंतर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत निर्माण में उनकी मेहनत और संघर्ष बहुत महत्वपूर्ण है। उनकी तरक्की हमारा दायित्व है क्योंकि उनकी प्रगति में देश की उन्नति है।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मजदूर दिवस के अवसर पर नये उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे श्रमिकों को मई दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, श्रमेव जयते! ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे समस्त श्रमिक भाई-बहनों को ‘मई दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।”

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कहा कि वह भारत और पूरे विश्व के श्रमिकों की उपलब्धियों और देश के विकास में उनके योगदान को सलाम करते हैं।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस ने 2005 में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) कानून पारित कर प्रत्येक श्रमिक को उसका अधिकार और सम्मान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा आज भी देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर वह भारत और पूरे विश्व के श्रमिकों की उपलब्धियों और देश के विकास में उनके योगदान को सलाम करते हैं। यह दिन श्रमिकों के सम्मान और उनके हक का भी प्रतीक है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देश-विदेश का दूरस्थ स्थान हो या फिर कोई गांव या शहर, हमारे वीर श्रमिक अपनी मेहनत, लगन और शक्ति से देश की अर्थव्यवस्था का पहिया चला रहे हैं।

हेमन्त सोरेन ने कहा कि कोरोना काल में श्रमिकों की विकट समस्याओं को देख पूरा देश स्तब्ध रह गया था। आज झारखण्ड सरकार द्वारा राज्य के श्रमिक भाई-बहन और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा “राज्य के सभी मेहनतकश श्रमिक हमारी प्राथमिकता में हैं। विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रम जीवन और श्रम शक्ति को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार।”

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने मई दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सभी श्रमिकों को बधाई दी है, जो अपनी कड़ी मेहनत से समाज के विकास में परोक्ष योगदान देते हैं।

चंद्रशेखर राव ने यहां जारी संदेश में स्पष्ट किया कि सरकार पूरे देश में श्रमिकों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाने के अपने प्रयासों को उसी भावना से जारी रखेगी, जिससे राज्य में श्रम कल्याण कार्यक्रम लागू किया गया हैं। उन्होंने कहा कि इस दुनिया में कड़ी मेहनत और मेहनती लोगों के त्याग से ही धन का सृजन हो रहा है, जो ब्रह्मांड के मजबूत निर्माण की नींव है।

चंद्रशेखर राव ने बताया कि राज्य सरकार श्रमिकों और किसानों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में किसी श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को छह लाख रुपये की राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि 2014 से 2023 तक राज्य सरकार ने 4001 प्रभावित परिवारों को कुल 223 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी।

पंजाब में मजदूर दिवस के अवसर पर आज सार्वजनिक संगठनों के संयुक्त मंच (जेपीएमओ) सहित श्रमिक, कर्मचारी और किसान संगठनों द्वारा क्रांतिकारी भावनाओं के साथ अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) उत्साहपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर नगर के विभिन्न विभागीय संस्थानों एवं गांवों में विशाल जनसभाएं हुईं, झण्डे लहराये गये तथा शिकागो के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष दोहराया गया।

पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन से संबद्ध सीटीयू पंजाब ने स्थानीय मॉल रोड स्थित लेबर चौक पर झंडा फहराने के बाद प्रभावी रैली के साथ मई दिवस मनाया। रैली में जेपीएमओ के प्रांतीय नेता सती महिपाल, ग्रामीण श्रम सभा के जिला सचिव प्रकाश सिंह नंदगढ़, पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन चंडीगढ़ के जिला अध्यक्ष माखन सिंह खंगवाल, जम्हूरी किसान सभा पंजाब के प्रांतीय नेता दर्शन सिंह फुलो उपस्थित थे।

मध्यप्रदेश में मजदूर दिवस पर आज यहां वामपंथी दलों ने श्रमिक विरोधी नीतियों और पूंजीवाद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की स्थानीय इकाई की ओर से आयोजित प्रदर्शन में एटक से संबद्ध संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की। इस अवसर पर भाकपा नेता शैलेंद्र शैली और अन्य नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियां श्रमिक विरोधी और पूंजीवाद का समर्थन करने वाली हैं।

श्री शैली ने श्रमिकों की एकता बरकरार रखने की जरूरत बताते हुए कहा कि हम सबको मिलकर देश में नफरत की राजनीति का भी विरोध करना है। सभा में मौजूद लोगों ने पुराने शहर के जुमेराती से होकर हनुमानगंज, मंगलवारा, पीरगेट, सैफिया कॉलेज रोड आदि में जुलूस निकालकर प्रदर्शन भी किया।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर सभी श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तृणमूल नाबो ज्वार का उद्देश्य सभी वर्गों के लोगों के जीवन का कल्याण करना और उनकी भलाई सुनिश्चित करना है।

इस दिन को मनाने की शुरुआत अमेरिका में एक मई 1886 में हुई थी जब श्रमिकों ने अपने कार्यकारी अवधि कम करने को लेकर आंदोलन किया था। देश में सबसे पहले एक मई 1923 में वामपंथियों ने मद्रास में मजदूर दिवस मनाया था इसके बाद से देश के कई मजदूर संगठनों ने मिलकर एक मई को मजदूर दिवस के रूप में मनाया शुरू किया।

मजदूर दिवस श्रमिकों को उनकी स्थिति और उनकी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रत्येक वर्ष एक मई को मनाया जाता है।