नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश पिनाकी चंद्र घोष मंगलवार को देश के पहले लोकपाल नियुक्त किये गये।
राष्ट्रपति भवन से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत के राष्ट्रपति ने न्यायमूर्ति पिनाकी चंद्र घोष को लोकपाल का अध्यक्ष नियुक्त करते हुए खुशी जाहिर की है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने न्यायमूर्ति दिलीप बी0 भोसले, न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार मोहंती, न्यायमूर्ति अभिलाषा कुमारी और न्यायमूर्ति अजय कुमार त्रिपाठी को लोकपाल का न्यायिक सदस्य नियुक्त किया है।
राष्ट्रपति कोविंद ने दिनेश कुमार जैन, श्रीमती अर्चना रामसुंदरम, महेन्द्र सिंह और डॉ इंद्रजीत प्रसाद गौतम को लोकपाल का गैर न्यायिक सदस्य नियुक्त किया है।
ये सभी नियुक्तियां संबंधितों के पद ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होंगी।