नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार, अब कासगंज तक चलेगी ट्रेन

फर्रुखाबाद, क्षेत्रीय यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने 14315/14316 बरेली-नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार कर इसे कासगंज तक संचालित करने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने सोमवार को बताया कि विस्तारित मार्ग पर 14316 नई दिल्ली-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन 16 अप्रैल 2026 से तथा 14315 कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि 14316 नई दिल्ली-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस नई दिल्ली से शाम 4:35 बजे प्रस्थान करेगी और पूर्व निर्धारित समयानुसार मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकते हुए बरेली रात 10:00 बजे, बदायूं 10:45 बजे, उझानी 11:00 बजे, सोरों शूकर क्षेत्र 11:32 बजे पहुंचकर अगले दिन रात्रि 12:10 बजे कासगंज पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 14315 कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 17 अप्रैल से कासगंज से तड़के 2:50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सोरों शूकर क्षेत्र 3:08 बजे, उझानी 3:37 बजे, बदायूं 3:55 बजे, बरेली 4:55 बजे पहुंचने के बाद पूर्व निर्धारित समयानुसार मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए सुबह 10:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी के दो, सामान्य द्वितीय श्रेणी के पांच, आरक्षित द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के नौ तथा वातानुकूलित कुर्सीयान के दो कोच शामिल हैं।





