नक्सलियों ने छह महीने तक युद्धविराम की घोषणा की

बीजापुर, छत्तीसगढ़-तेलंगाना राज्य में नक्सलियों ने छह महीने तक युद्धविराम की घोषणा कर दी है। तेलुगु कैडर के नक्सली और नक्सल संगठन के प्रवक्ता जगन ने प्रेस नोट जारी कर युद्धविराम का ऐलान किया है। जगन ने तेलुगु भाषा मे प्रेस नोट जारी किया है। जिसमें लिखा है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और कविता ने भी शांति वार्ता के लिए पहल की थी। ये गर्व की बात है। शांति वार्ता के लिए शांति समिति का भी गठन किया गया था।
उन्होंने लिखा कि राज्य के कई बुद्धिजीवी वर्ग और मशहूर हस्तियां इसी मुद्दे पर अभियान चला रहे हैं। वार्ता प्रक्रिया को राज्य और देश में लोकतांत्रिक माहौल लाने के प्रयास के रूप में समझा जाना चाहिए। इन प्रयासों को सकारात्मक प्रभाव देने के लिए छह महीने तक युद्धविराम की घोषणा कर रहे हैं। सरकार से शांति वार्ता के लिए नक्सलियों ने अब तक कुल 4 पत्र जारी किए है।
इससे पहले नक्सलियों की केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभय ने दो बार और नक्सलियों के डीकेएसजेडसीएम रूपेश ने दो बार पत्र जारी किया था। वहीं अब जगन का यह 5वां पत्र है जिसमें 6 महीने तक युद्धविराम की घोषणा करने की बात लिखी हुई है।