Breaking News

निर्मला सीतारमण-सेल्स गर्ल से वित्त मंत्री तक का सफर…

नई दिल्ली,  रक्षा मंत्री रहीं निर्मला सीतारमण , मोदी सरकार की दूसरी पारी मे कैबिनेट में आई हैं।  उन्हें इस बार वित्त मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है। निर्मला सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बन गई हैं। इससे पहले 1970-71 में प्रधानमंत्री रहने के दौरान इंदिरा गांधी ने कुछ समय के वित्त मंत्रालय का प्रभार अपने पास रखा था।

निर्मला का जन्म तमिलनाडु के एक साधारण से परिवार में 18 अगस्त 1959 को हुआ था। उनके पिता रेलवे में काम करते थे और मां घर संभालती थीं।  सीतारमण ने अपनी शुरुआती पढ़ाई तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से ही की। उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन अर्थशास्त्र में की थी।

इसके बाद मास्टर्स के लिए वह दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में आईं। इसके बाद उन्होंने इंडो-यूरोपियन टेक्सटाइल ट्रेड में अपनी पीएचडी की रिसर्च की। जेएनयू में पढ़ाई के दौरान निर्मला की मुलाकात डॉ परकाला प्रभाकर से हुई थी। वह भी वहीं पढ़ते थे। फिर बाद में दोनों ने शादी कर ली। फिलहाल दोनों की एक बेटी है।

पढ़ाई के दौरान और बाद भी सीतारमण ने कई जगहों पर काम किया। पति संग लंदन में रहने के दौरान निर्मला ने वहां एक घर का सजावटी सामान बेचनेवाली दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में भी काम किया था। बाद में वह लंदन में कृषि इंजिनियर्स असोसिएशन से जुड़ीं। इसके बाद उन्होंने लंदन में ही प्राइस वॉटरहाउस नाम की कंपनी में सीनियर मैनेजर के रूप में काम किया।

वह कुछ वक्त के लिए बीबीसी से भी जुड़ीं। इसके बाद वापस भारत आने पर उन्होंने हैदराबाद में सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी में डेप्युटी डायरेक्टर के रूप में काम किया।  निर्मला ने 2008 में राजनीति में एंट्री ली और बीजेपी जॉइन की। इसके दो साल बाद ही वह बीजेपी प्रवक्ता बन चुकी थीं।

इसके बाद 26 मई 2014 में मोदी सरकार में उन्हें राज्य मंत्री का पद सौंपा गया। फिर 3 दिसंबर 2017 को हुए कैबिनेट बदलाव में उन्हें रक्षा मंत्री बनाया गया।  रक्षा मंत्री के रूप में पहला कार्यकाल  राफेल विवाद के कारण चर्चित रहा।  सिर्फ 11 साल में, निर्मला सीतारमण सेल्स गर्ल से देश की वित्त मंत्री तक पहुंच गईं।