पीएम मोदी वाराणसी में 27 फरवरी को करेंगे भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद

वाराणसी,  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार अभियान का जायजा लेने तथा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने के लिए आगामी 27 फरवरी को वाराणसी आएंगे।

भाजपा की ओर से बुधवार को दी गयी जानकारी के अनुसार मोदी, यहां स्थित सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों के बूथ पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में हर बूथ से छह कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिसमें बूथ अध्यक्ष समेत 6 कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके साथ ही सम्मेलन में जिला, महानगर और क्षेत्र के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मोदी का यह पहला दौरा है। हालांकि गत 18 जनवरी को उन्होंने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के जरिये नगर के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। मोदी के कार्यक्रम के सिलसिले में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा और गुजरात प्रदेश के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय पर संगठन की बैठक की।

Related Articles

Back to top button