अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रयागराज में निकली भव्य शोभा यात्रा

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के खीरी क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा कोसड़ा खुर्द से कोरांव तक आयोजित की गई, जिसका नेतृत्व समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष, कोरांव विधानसभा क्षेत्र की ब्लॉक प्रमुख तथा मांडा की जिला पंचायत सदस्य सुमन कोल ने किया। शोभायात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के विचारों, संघर्षों और सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाना था। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन मुस्तैद रहा तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर मनोजा देवी कोल, डॉ. लवलेश गौतम, राजेश गौतम, कमलेश कोल (प्रधान), अशोक गौतम सहित सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।





