Breaking News

पीएम, राजनाथ, जेटली, आरके सिन्हा ने दी योगी को बधाई

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 45 वें जन्मदिन की बधाई दी है। पीएम मोदी समेत केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय वित्त रक्षा मंत्री अरुण जेटली, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू और भाजपा सांसद आर के सिन्हा और बृजभूषण शरण सिंह ने भी योगी को जन्मदिन की बधाई देते हुए योगी के दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना की है। पीएम मोदी ने ट्विटर पर जारी संदेश में कहा, यूपी के युवा और ओजस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई, हम उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की कामना करते है।

केंद्रीय नेताओं राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, किरन रिजिजू, आर के सिन्हा, बृजभूषण शरण सिंह ने ट्विटर पर संदेश जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास को प्रतिबद्ध यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि 26 मार्च 2017 को यूपी के मुख्यमंत्री बने योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पौढ़ी गढ़वाल स्थित पंचूर में हुआ था। उनका वास्तविक नाम अजय सिंह विष्ट है। पिता आनन्द सिंह विष्ट वन विभाग में रेंजर के पद पर कार्यरत थे।

अपने चार भाई और तीन बहनों में अपने पिता की दूसरी सन्तान के रूप में जन्मे योगी ने बीएससी तक पढ़ाई की है। 1990 में राममन्दिर आन्दोलन से जुड़ने के लिए अपने घर से निकले थे। इसी दौरान आन्दोलन के अगुआकारों में रहे गोरखपुर स्थित गोरक्ष पीठ के महन्त स्वर्गीय अवैधानंद के सानिध्य में आकर संन्यासी हो गए। अवैधानन्द ने आदित्यनाथ को अपना शिष्य बनाते हुए उन्हें योगी की उपाधि देते हुए आदित्यनाथ नाम दिया और अपना राजनीतिक और आध्यात्मिक उत्तराधिकारी घोषित कर दिया।

यहीं से योगी आदित्यनाथ ने सियासी जीवन में कदम रखा। गोरखपुर से सांसद रहे अवैधानन्द के उत्तराधिकारी के रूप में 1999 में उन्होंने गोरखपुर से बतौर सांसद चुनाव जीता और लगातार पांच बार लोकसभा सांसद बने। वर्तमान में भी वह यूपी के मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ लोकसभा सांसद भी हैं।