Breaking News

पुलिस पर हमला कर कोर्ट परिसर से गैंगस्टर को छुड़ा ले गए बदमाश

आगरा,  उत्तर प्रदेश के आगरा में अति सुरक्षित दीवानी न्यायालय परिसर में बुधवार को चार बदमाश पुलिस पर हमलाकर एक गैंगस्टर विनय श्रोत्रिय को छुड़ा ले गए।

बदमाशों के हमले में एक सिपाही भी घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चार साथियों की मदद से दीवानी अदालत परिसर से सिपाही के सिर पर ईंट मारकर विनय भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। विनय बरहन क्षेत्र से पकड़ा गया था।

उसे जेल से डकैती कोर्ट में पेश करने के लिए लाया गया था। विनय, फ़िरोजाबाद का रहने वाला है और बरहन से जेल भेजा गया था। जेल से तारीख पर बुधवार की सुबह उसे डकैती कोर्ट लाया गया था। अदालत परिसर में विनय के चार साथी पहले से मौजूद थे। सिपाही पर हमला बोलकर वे विनय को छुड़ा ले गए। विनय की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। एक टीम फ़िरोज़ाबाद गई है। दूसरी टीम बरह की तरफ गई है। पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी गई है।