पूर्व मुख्यमंत्री ने लता मंगेशकर के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की

भोपाल, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महान पार्श्व गायक लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए कहा कि इंदौर में जन्मीं लता मंगेशकर के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से संगीत का एक युग समाप्त हो गया। उनका निधन कला क्षेत्र की ऐसी क्षति है, जिसे पूरा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने भारतीय संगीत को अपनी सुरीली आवाज से विश्व भर में पहचान दी है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे उनके परिजनों और करोड़ों प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताया है।