प्रदेश में गैस की कमी नहीं तो नेता जनता को सिलेंडर दिलाएं : अखिलेश यादव

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में जारी रसोई गैस सिलेंडर के संकट के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में रसोई गैस की किल्लत को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के नेता यह दावा कर रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर उनके मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर गैस एजेंसियों से लोगों को सिलेंडर क्यों नहीं दिलवा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाले भाजपा नेता इस संकट के समय भूमिगत क्यों हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अपने ठिकानों से बाहर निकलकर जनता के बीच जाना चाहिए और लोगों को गैस उपलब्ध कराने में मदद करनी चाहिए।
उन्होने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब जनता भाजपा नेताओं के घरों, कार्यालयों या प्रतिष्ठानों का घेराव करे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी किसी चीज की किल्लत बढ़ती है, भाजपा उसे नकारने लगती है और वास्तविक समस्या से ध्यान हटाने की कोशिश करती है।
सपा प्रमुख ने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन गैस की कमी से लेकर आज रसोई गैस और खाद की किल्लत तक, भाजपा की यही प्रवृत्ति रही है कि संकट को स्वीकार करने के बजाय उसे झुठलाया जाए। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा आपदा के समय भी कालाबाजारी को बढ़ावा देने वाली परिस्थितियां पैदा करती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलतियों का खामियाजा आम जनता को क्यों भुगतना पड़े। उन्होंने कहा कि अगर सत्ताधारी दल और उससे जुड़े संगठन सेवा का दावा करते हैं तो उन्हें भूख से परेशान लोगों के लिए मुफ्त भोजनालय चलाने चाहिए, अन्यथा जनता के सामने आने से बचना चाहिए।





