Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीत हासिल करने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी थे।

प्रधानमंत्री ने बाद में ट्वीट कर कहा कि श्रीमती द्रौपदी का जीवन, प्रारंभिक दिनों का उनका संघर्ष, उनकी गहन सेवाएं और उनकी उल्लेखनीय सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों खासकर गरीबों, हाशिये पर जी रहे लोगों और दबे-कुचले लोगों के लिए आशा की किरण हैं।

प्रधानमंत्री ने अलग ट्वीट में कहा,’भारत ने आज नया इतिहास रचा है। ऐसे समय में जबकि 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, भारत की आदिवासी समुदाय की एक बेटी, जो देश के पूर्वी क्षेत्र में एक दूर-दराज के गांव में पैदा हुई, हमारी राष्ट्रपति चुनी गयी है। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को इस उपलब्धि के लिए बधाई।’

श्री मोदी ने कहा, “श्रीमती मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रहीं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। मुझे पक्का विश्वास है कि एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति के रूप में भारत का नेतृत्व करेंगी। वह भारत की विकास यात्रा को और सशक्त बनायेंगी। ”