प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनावों में बढ़-चढ़कर कर मतदान करने की अपील की

नयी दिल्ली, असम, केरल और पुड्डुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को जारी मतदान के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मतदाताओं से बेहतर भविष्य के लिए मतदान करने की अपील की है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी को बेहतर भविष्य के लिए मतदान करना चाहिए।

केरल की जनता को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा कि राज्य के लोग ऐसी सरकार के हकदार हैं जो उनकी बात सुने, उनकी समस्याओं को समझे और उनके कल्याण के लिए दिन-रात काम करे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सत्ता में बने रहना या भ्रष्टाचार करना नहीं होना चाहिए बल्कि जनता को प्राथमिकता देना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय है और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ही वह बदलाव ला सकता है।

वहीं, असम के मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मेरी प्यारी बहनों और भाइयों, आज लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लीजिए। अपने राज्य, अपनी जमीन, अपनी संस्कृति और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता ऐसी सरकार की हकदार है जो केवल उनके लिए काम करे और उन्हें मजबूत बनाए। सुश्री गांधी ने अंत में “जय असम, जय कांग्रेस” के नारे के साथ अपनी अपील समाप्त की।

ग़ौरतलब है कि तीनों राज्यों की विधानसभा चुनावों के लिए मतदान जारी है।

Related Articles

Back to top button