Breaking News

फीफा अंडर-17 विश्व कप से पहले यूरोप दौरे पर भारतीय टीम

 नई दिल्ली,  भारत की राष्ट्रीय अंडर-17 फुटबाल टीम वर्तमान में अंडर-17 फुटबाल विश्व कप की तैयारी कर रही है और इसी के मद्देनजर वह यूरोप दौरे पर रवाना हो गई है। भारतीय टीम यूरोप में पुर्तगाल, फ्रांस, इटली और हंगरी के साथ अभ्यास मैच खेलेगी। इसके अलावा यह टीम इटली में एक टूर्नामेंट में भी हिस्सा लेगी। भारत की 26 सदस्यीय अंडर-17 फुटबाल टीम के साथ सात अधिकारी भी हैं।

इसमें मुख्य कोच लुइस नोर्टन डे माटोस भी शामिल हैं। भारतीय अंडर-17 टीम 15 मई तक लिस्बन में अभ्यास करगी, जहां वह स्पोर्टिग लिस्बन, बेनफिका, एस्ट्रोइल और सेतुबाल की अंडर-17 यूथ टीमों तथा अन्य टीमों के साथ अभ्यास मैच खेलेंगी। इसके बाद भारतीय टीम पेरिस के लिए रवाना होगी, जहां वह पेरिस सेंट जर्मेन क्लब की अंडर-17 टीम के साथ अभ्यास मैच खेलेगी।

इसके अलावा भारतीय टीम इटली की राष्ट्रीय अंडर-17 टीम के साथ रोम में एक मैच खेलेगी और इसके बाद लाजियो कप में हिस्सा लेगी। लाजियो कप टूर्नामेंट 16 टीमों तथा अन्य के बीच खेला जाता है। इसमें अल्बेनिया की अंडर-17, कोलंबिया की अंडर-17 टीम भी मौजूद होती है। लाजियो कप के अलावा भारतीय टीम स्पेन के दौरे के दौरान हंगरी की अडंर-17 टीम और स्पेनिश क्लबों के खिलाफ मैच खेलेगी। भारत में अंडर-17 फीफा विश्व कप टूर्नामेंट की शुरुआत इस साल छह अक्टूबर से हो रही है।