बहुत जल्द ‘आप’ एक राष्ट्रीय पार्टी बनेगी : सीएम केजरीवाल

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी देश की जनता की नयी उम्मीद और विश्वास बन चुकी है तथा बहुत जल्द एक राष्ट्रीय पार्टी बनने जा रही है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप के 10वें स्थापना दिवस के मौक़े पर आज कहा कि 10 साल पहले आज ही के दिन आम आदमी पार्टी की स्थापना हुई थी। इन 10 सालों में जनता के बेशुमार प्यार और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी ने भारतीय राजनीति में कई इतिहास रचे। आज आम आदमी पार्टी देश की जनता की नयी उम्मीद बन चुकी है, विश्वास बन चुकी है। बहुत जल्द एक और ऐतिहासिक जीत के साथ ‘आप’ एक राष्ट्रीय पार्टी बनने जा रही है।

‘आप’ नेता एवं दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 10 वर्ष पहले श्री अरविंद केजरीवाल ने देश को एक भ्रष्टाचार मुक्त राजनैतिक विकल्प देने का संकल्प लिया था। आज यह संकल्प 1100 से ज्यादा जनप्रतिनिधियों व करोड़ो समर्थको के साथ बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए देश की एक मात्र उम्मीद बन चुका है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हर दिन इतिहास रच रही है। जो काम किसी और पार्टी के लिए कल्पना में भी असम्भव होता है, वहां से केजरीवाल का विजन और ‘आप’ का काम शुरू होता है। आम आदमी पार्टी का हमेशा से एक ही संकल्प रहा है और वह यह है कि ‘आप’ का हर नेता-कार्यकर्ता देश के भविष्य के लिए ऐसे ही निस्वार्थ भाव से काम करता रहेगा ताकि हम साथ मिलकर भारत को नं.1 देश बनता देख सकें।

Related Articles

Back to top button