बाबा नींव करौरी महाराज की जन्मस्थली का होगा कायाकल्प

फिरोजाबाद, देश दुनिया में करोड़ो अनुयायियों की आस्था के प्रतीक बाबा नींव करौरी महाराज की फिरोजाबाद में स्थित जन्मस्थली का कायाकल्प कर नए तरीके से विकास कराया जाएगा।

सूबे के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने फिरोजाबाद के गांव अकबरपुर में बाबा नींव करौरी महाराज की जन्मस्थली पहुंच कर माथा टेका। उन्होने कहा कि महाराज जी एक अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सिद्ध सन्त रहें हैं। उनके चमत्कारों और परोपकारों की‌ गाथा हमेशा वंदनीय रहेगी। हमारा देश आस्था भक्ति और संतो का देश है हमें उनसे प्रेरणा मिलती है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग श्रद्धालु और पर्यटक यहां आकर बाबा की जन्म स्थली के दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ और आशिर्वाद प्राप्त करें।

उन्होने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए पर्यटन विभाग की ओर से योजना तैयार की गई है जिससे आने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। क्षेत्र के विकास के साथ ही क्षेत्र के लोगों को भी रोजगार के साधन बढ़ेंगे।

पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव द्वारा मुख्य सचिव को वावा नींव करौरी महाराज की जन्मस्थली के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों के प्रस्तुतीकरण का भी अवलोकन किया गया और अधिकारियों को उसमें बदलाव के भी कुछ निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जन्म स्थली के मौलिक स्वरूप को यथावत रखते हुए संरक्षित रखा जाए।

मुख्य सचिव ने फिरोजाबाद कांच उद्योग के विकास के लिए 25 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले गिलास म्यूजियम की घोषणा करते हुए ‌ संबंधित स्थल का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने कहा की फिरोजाबाद चूड़ी और कांच उद्योग के लिए विश्व विख्यात है। ग्लास उद्योग में विशेष तकनीकी का इस्तेमाल करते हुए फिरोजाबाद कांच उद्योग काफी तेजी से विकसित हो रहा है है। मुख्य सचिव द्वारा बाबा नींव करौरी महाराज की जन्मस्थली पर स्थित एक सरकारी विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला का भी उद्घाटन कर शुरुआत की गई।