Breaking News

बूथ विजय की कार्ययोजना पर काम करेगी भाजपा

लखनऊ, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में केन्द्रीय मंत्रियों के साथ बूथ विजय की कार्ययोजना पर काम करेगी।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में प्रदेश के 14 लोकसभा क्षेत्रों के लिए तय कलस्टर की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

सुनील बंसल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में जिन लोकसभा सीटों पर सफलता नहीं मिल सकी, ऐसी 14 सीटों पर लोकसभा प्रभारी तथा संयोजकों के प्रवास के तहत क्षेत्र में नियमित संपर्क व संवाद स्थापित करने की तय कार्ययोजना पर काम करना है। कलस्टर के तहत सभी लोकसभा क्षेत्रों में विधानसभावार समीक्षा करना तथा प्रत्येक कमजोर बूथ की मजबूती के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है। केन्द्रीय मंत्रियों के प्रवास पूर्ण हो चुके है। प्रवास के अगले चरण में केन्द्रीय मंत्रियों के साथ बूथ विजय की कार्ययोजना पर माइक्रो मैंनेजमेंट के साथ कार्य करना है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के एक साथ लामबंद होने के बावजूद उत्तर प्रदेश में भाजपा को 50 फीसदी से ज्यादा वोट प्राप्त हुए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में केन्द्र और प्रदेश सरकारों के कार्य और सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की नीति से भाजपा प्रदेश में 80 सीटें जीतने का लक्ष्य पूर्ण करेगी। पिछले चुनाव में हमें जहां सफलता नहीं मिल सकी थी, वहां भी जीत का परचम फहराना है। 14 लोकसभा सीटों में से 12 लोकसभा सीटें वह हैं, जिन्हें भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत चुकी है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सशक्त बूथ की संरचना को जीत का मंत्र बताते हुए कहा कि हमारी प्रत्येक कार्ययोजना में सशक्त व प्रभावी बूथ तथा मतदाताओं से सतत संपर्क व सम्बन्ध से परिणाम भाजपा के अनुकूल होंगे। आगामी दिनों में सभी सामाजिक व राजनैतिक बिन्दुओं पर विधानसभा तथा बूथ स्तर पर समीक्षा के द्वारा तैयार कार्ययोजना पर पार्टी कार्य करेगी।