भयमुक्त उत्तर प्रदेश अब विकास की राह पर : बृजेश पाठक

आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने पूर्ववर्ती सरकार के दौरान अराजकता और भय का माहौल देखा है, जबकि वर्तमान में योगी सरकार के नेतृत्व में राज्य भयमुक्त होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री गुरुवार को आजमगढ़ जिले के बड़सर खालसा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विजय बहादुर पाठक के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।

बृजेश पाठक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और वे या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं।

श्रद्धांजलि सभा के बाद उपमुख्यमंत्री ने बड़सर खालसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा मरीजों से बातचीत कर फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जा रही है और डॉक्टरों की भर्ती से व्यवस्था मजबूत हो रही है। मरीजों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में सख्त कार्रवाई की बात कहते हुए उन्होंने एक प्रकरण में पूर्व जांच रिपोर्ट को निरस्त कर उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।

अवैध नर्सिंग होम के मुद्दे पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पारदर्शिता की बात कही। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, खेल मंत्री गिरीश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button