भाजपा के वरिष्ठ नेता ने मायावती के खिलाफ की अपमानजनक टिप्पणी

mayawatiनई दिल्ली, उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की जिसकी विभिन्न दलों ने कड़ी निंदा की है। वहीं इस टिप्पणी से शर्मिंदा होकर भाजपा ने खेद जताया है और पार्टी नेता को पद से हटा दिया है लेकिन इस मुद्दे पर हंगामे के चलते आज राज्यसभा में कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित करनी पड़ी। भाजपा उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने मउ में संवाददाताओं से कहा, मायावती कांशीराम के सपने को चूर-चूर कर रही हैं। मायावती .. की तरह टिकट बेच रही हैं। सिंह ने आरोप लगाया, मायावती एक करोड़ रूपये में टिकट बेचती हैं और अगर किसी ने दो करोड़ रूपये दे दिए तो एक घंटे के अंदर वह इसे दो करोड़ में बेच देती हैं। अगर  किसी ने तीन करोड़ रूपये दे दिए तो वह उसी को टिकट दे देती हैं। सिंह ने कहा, वह .. से भी बदतर हैं। कांशीराम के समय से बसपा के लिए काम कर रहे इसके कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं। पार्टी उपाध्यक्ष बनने के बाद वह कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहली बार मउ आए थे। सिंह की टिप्पणी की महिला सांसदों सहित राज्यसभा के सदस्यों ने कड़ी निंदा की। उपसभापति पी.जे. कूरियन ने कहा कि सदन चाहता है कि सरकार भाजपा नेता के खिलाफ उनकी अक्षम्य टिप्पणी के लिए कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। इस बीच, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बसपा मुखिया मायावती के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वाले पार्टी उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को पद से हटा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button