भाजपा ने यूपी को बनाया बेरोजगार प्रदेश : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बेरोजगार प्रदेश बना दिया है। पढ़े लिखे युवाओं को नौकरी रोजगार नहीं मिल रहा है, उत्तर प्रदेश में अगर लोगों को काम मिलता होता तो यूपी के बेरोज़गार प्रदेश छोड़कर बाहर राज्यों में जाने पर मजबूर नहीं होते।

उन्होने कहा कि कोविड के दौरान भाजपा सरकार ने ये दुष्प्रचार किया था कि लोगों की ‘स्किल मैपिंग’ की जाएगी जिससे प्रदेशीय-स्थानीय स्तर पर लोगों को रोज़गार मिल सके। आखि़रकार ये भी एक भाजपाई जुमला ही साबित हुआ, जिसका सबूत ये समाचार है कि अपने मूल प्रदेश से बाहर जाकर काम करने पर मजबूर लोगों की सबसे अधिक संख्या उत्तर प्रदेश के निवासियों की है।

अखिलेश यादव ने कहा कि ‘रोज़गार पलायन’ के मामले में देश के सभी राज्यों में उप्र सबसे ऊपर है। भाजपा सरकार में नौकरियां के पेपर लीक हो जाते हैं। सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है, जिससे आरक्षण और नौकरी ना देना पड़े। भाजपा युवा विरोधी है। उसकी नीयत नौकरी रोजगार देने की नहीं है।

भाजपा की गलत नीतियों के कारण नौजवान दूसरे राज्यों में जाने पर मजबूर है। भाजपा की सरकार में नौजवान, किसान सभी लोग दुःखी हैं। उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी की स्थिति भयावह है। सरकार झूठे आंकड़े देकर अपनी उपलब्धि मानती है। यूपी के युवा रोजगार के लिए युद्धग्रस्त देशों में जाने पर मजबूर है। इस शर्मनाक स्थितियों को भी भाजपा अपनी उपलब्धियां मानती है। उत्तर प्रदेश में 2027 में भाजपा की सरकार सत्ता से बाहर जाएगी और समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तभी नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।

Related Articles

Back to top button