Breaking News

मथुरा में कार नहर में गिरी, 10 लोगों की हुई दर्दनाक मौत

मथुरा,  थाना मगोर्रा के मथुरा-जाजमपट्टी रोड पर रविवार तड़के फतेहपुरसीकरी नहर में कार गिर गई। इससे बरेली निवासी दंपति समेत 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में 5 पुरुष और 5 महिलाएं हैं। इसमें 9 शव एक ही परिवार के व एक चालक का शव है। कार में 10 लोग सवार थे। चालक का शव काफी देर बाद नहर में कुछ दूर मिला। ग्रामीणों में पुलिया पर होने वाले हादसों को लेकर रोष था और वे शव नहीं उठने दे रहे थे। करीब 4.30 घंटे बाद अधिकारी पहुंचे और उन्हें समझा-बुझाकर शव कब्जे में लिया।

राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे ने भी ट्वीट कर मथुरा हादसे पर दुख जताया है। महेश शर्मा निवासी राजीव कालोनी, सुभाष नगर, बरेली अपनी पत्नी दीपिका शर्मा और परिवार के अन्य लोगों पूनम शर्मा, हार्दिक शर्मा, रितिक शर्मा, रोहन, खुशबू, हिमांशी और सुरभि के साथ दौसा, राजस्थान स्थित मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने जा रहे थे। सभी रात करीब 11 बजे निकले थे। अलसुबह मथुरा की ओर से भरतपुर जाते समय सुबह करीब 4.30 बजे मथुरा-जाजमपट्टी रोड पर कार अनियंत्रित होकर फतेहपुरसीकरी नहर में जा गिरी।

चीख पुकार मचने लगी, लेकिन अलसुबह का वक्त होने से कोई उनकी आवाज नहीं सुन सका। सबसे पहले पास के मकेरा गांव निवासी युवक दर्शन सिंह ने सुबह करीब 4.40 बजे नहर में कार पड़ी देखी। वह सुबह सड़क पर दौड़ लगाने निकला था। दर्शन सिंह की सूचना पर अन्य ग्रामीण पहुंचे और ट्रैक्टर से कार किनारे खींचकर शवों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस पहुंचीं। दर्शन सिंह के अनुसार उसे नहर में कार गिरी हुई दिखी।

संभवतः चालक ने कार का शीशा तोड़कर बाहर छलांग लगाई और आवाज देने की कोशीश की, लेकिन पानी के बहाव में आगे चला गया। शीशा टूटने से कार में पानी भर गया।। इसमें 10 लोगों की मौत हो चुकी थी। लोगों की मदद से सभी शव निकाले गए। कार कई घंटों बाद नहर से निकाली जा सकी। सूचना देने पर मगोर्रा पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसने भी बचाव कार्य कराया। स्थानीय लोगों में आक्रोश है, वे शव उठने नहीं दे रहे थे। उनका कहना है कि आये दिन पुलिया पर हादसे होते रहते हैं। मृतकों के नाम पते की जानकारी दीपिका शर्मा के आधार कार्ड से हुई। परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे बरेली से निकल चुके हैं।

मृतकों में 5 किशोर और 17-18 वर्ष के लड़के-लड़की भी हैं। इनमें से सभी 10 की लाश निकाली जा चुकी है। कार चालक की पहचान उसके ड्राइविंग लाइसेंस से हरिश्चंद्र निवासी बिछुरिया, थाना दिनावर, बरेली के रूप में हुई। नहर से कार निकालने के लिए क्रेन मंगा ली गई है, लेकिन ग्रामीण निकालने नही दे रहे थे। उनका कहना था कि पुलिया संकरी है। रेलिंग टूटी है। सड़क चौड़ी कराई जाए। करीब 4.30 घंटे बाद यूपी 100 की गाड़ी और डीएम मलप्पा बंगारी, एसएसपी विनोद कुमार मिश्रा व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने हादसे पर दुख जताया है। दो परिवारों पर हुआ वज्रपात:- हादसे में महेश शर्मा का पूरा परिवार खत्म ही हो गया। महेश 46 वर्ष, उनकी पत्नी दीपिका 42, पुत्र हार्दिक 15, रितिक 13, बेटी हिमांशी 19 और खुशबू 17 वर्ष। वहीं महेश की बहन पूनम 36, बेटा रोहन 17, बेटी सुरभि 16। महेश के बहनोई साथ नही थे। महेश शर्मा का बरेली में सुभाष नगर में टी स्टाल है। यह सारी जानकारी महेश के दूर के रिश्ते के भांजे शिवम शर्मा ने दी। वह दोस्तों के साथ गिरिराज की परिक्रमा करने गोवर्धन आया हुआ था। सुबह उसके पास फोन आया तो वह मौके पर पहुंचा।