मरने के बाद भी पांच लोगों को नया जीवन दे गए संदीप, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

लखनऊ, संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में रविवार को एक ब्रेन डेड मरीज ने मरने के बाद भी पांच लोगों को नया जीवन देने की उम्मीद जगाई है। संस्थान के विशेषज्ञों की देख रेख में सफल मल्टी-ऑर्गन डोनेशन संपन्न हुआ। यह संस्थान के लिए पिछले लगभग 20 वर्षों में ब्रेन स्टेम डेथ के बाद पहला मल्टी-ऑर्गन डोनेशन है, जिसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

लखनऊ निवासी 42 वर्षीय संदीप कुमार सात फरवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजनो ने उन्हें एक दिन पूर्व 21 फरवरी की रात्रि में एसजीपीजीआईएमएस के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। रविवार सुबह इलाज के दौरान चार विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल द्वारा उन्हें ब्रेन स्टेम डेड घोषित कर दिया।

ब्रेन डेड घोषित होने के बाद विशेषज्ञों ने संदीप के परिजनों को आर्गन डोनेशन के बारे में जानकारी देने के साथ ही डोनेशन के प्रति प्रेरित किया। परिजनों की सहमति प्राप्त होने के पश्चात स्टेट आर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन उत्तरप्रदेश (सोटो-यू.पी.) के संयुक्त निदेशक एवं एसजीपीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश हर्षवर्धन के मार्गदर्शन में एसजीपीजीआईएमएस एवं किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के संयुक्त सहयोग से लीवर रिट्रीवल एवं प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुप्रिया शर्मा एवं डॉ. राहुल के नेतृत्व में लीवर हार्वेस्ट कर सोटो-यू.पी. द्वारा स्थापित ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से शीघ्रता से केजीएमयू पहुँचाया गया। साथ ही केजीएमयू की प्रतीक्षा सूची में पंजीकृत रोगी को संयुक्त टीम द्वारा लीवर प्रत्यारोपित किया गया।

वहीं यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एस. अंसारी, डॉ. संजय सुरेका एवं डॉ. संचीत रुस्तगी की टीम द्वारा किडनी रिट्रीवल किया गया, जबकि नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. नारायण प्रसाद की टीम ने रिसीपिएंट का प्रबंधन एवं प्रत्यारोपण की तैयारी सुनिश्चित की।

इसी प्रकार कॉर्निया हार्वेस्टिंग एवं प्रत्यारोपण की प्रक्रिया विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अपिजीत कौर के समन्वित प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुई। एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. देवेंद्र गुप्ता, डॉ. सुरुचि अंबास्ता एवं उनकी टीम ने डोनर मेंटेनेंस सहित महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही कॉर्निया को सोटो-यू.पी. के माध्यम से केजीएमयू के कम्युनिटी आई बैंक में दान किया गया, जिससे जरूरतमंदों को नई दृष्टि प्राप्त होगी।

अंगदान के उपरांत दिवंगत संदीप को सम्मानपूर्वक संस्थान के गार्ड द्वारा ऑनर वॉक प्रदान किया गया। संदीप कुमार अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी एवं आठ वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं।

इस कार्य मे सोटो-यूपी की टीम में शामिल भोलेश्वर पाठक, डॉ. क्रिस अग्रवाल, डॉ. अक्षिता बंसल, डॉ. एकता, नीलिमा दीक्षित, डॉ. अभिषेक एवं डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने शनिवार रात्रि से रविवार सायं तक सभी विभागों के साथ सतत समन्वय स्थापित कर इस मल्टी-ऑर्गन डोनेशन को सफल बनाया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. आर. के. धीमन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र गुप्ता, सोटो-यू.पी. के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेश हर्षवर्धन, नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. नारायण प्रसाद तथा एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉ. अरुण श्रीवास्तव एवं उनकी टीम उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button