मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर संप्रभुता, किसानों एवं उद्योग से विश्वासघात का लगाया आरोप

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिका के साथ हुए समझौते को ‘ट्रैप डील’ करार दिया और कहा कि इस समझौते की सच्चाई अब धीरे-धीरे सामने आ रही है और यह भारत के रणनीतिक, आर्थिक और कृषि हितों के खिलाफ है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स के जरिए आरोप लगाया कि रूसी तेल को लेकर भारत की रणनीतिक मामलों से समझौता किया गया है। उन्होंने इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि किसानों के ‘पीठ में छुरा’ घोंपा गया है। पहली बार भारतीय कृषि को विदेशी उत्पादों के लिए पूरी तरह खोला गया है। व्हाइट हाउस के नए दस्तावेज में चुपचाप ‘दालों’ को शामिल किया गया, जो पहले संयुक्त बयान का हिस्सा नहीं थीं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने डेयरी क्षेत्र को लेकर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि अमेरिकी आनुवंशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) पशु आहार के आयात से देश के दो करोड़ दुग्ध किसानों और देशी पशुधन को नुकसान होगा।

उन्होंने परिधान उद्योग पर असर का जिक्र करते हुए कहा कि जहां भारत पर 18 प्रतिशत आयात शुल्क थोपा गया, वहीं बंगलादेश को शून्य शुल्क का लाभ दिया गया। श्री खरगे ने सवाल किया कि यह जीत है या फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झूठी लोकप्रियता में लिपटी देशहित की कुर्बानी।

Related Articles

Back to top button