महिला सम्मेलन से पंचायत चुनाव का आगाज करने की तैयारी में रालोद

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार की दिशा में लगातार प्रयासरत राष्ट्रीय लोकदल पार्टी (रालोद) ने सूबे में पंचायत चुनाव का आगाज महिला सम्मेलन से करने का निर्णय लिया है। यह सम्मेलन शुक्रवार को लखनऊ में होगा।
सम्मेलन में रालोद की राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिला वई इंदिरा और प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह महिला मतदाताओं के बीच महिला कार्यकर्ताओ को भेजने के लिए निर्देश देंगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी का कहना है कि पार्टी की कोशिश इस बार समूचे उत्तरप्रदेश में अपनी पहुंच बनाने की है। इस दिशा में लगातार संगठन के कार्यकर्ताओं को प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय की तरफ से निर्देश दिए जा रहे हैं। दूसरे बीते माह के दौरान वाराणसी से लेकर कुशीनगर तक राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी स्वयं दौरा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने संगठन को मजबूत करने एवं आगामी पंचायत चुनाव तथा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम तय किए हैं। जिसमे 30 सितम्बर को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बैठक की जाएगी। वहीं 31 अक्टूबर को सभी जिलों में संगठन की बैठक होगी तथा सरदार पटेल जयंती को एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह के प्रदेश में 7 बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें अलीगढ़, भुवनेश्वर, सोनीपत, राजस्थान, अमरोहा, बस्ती व मेरठ शामिल है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को बस्ती में सरदार पटेल जयंती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे।
त्रिवेदी ने बताया कि बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी लखनऊ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान सरकारी कार्यक्रम के बाद पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरफ से जरूरी निर्देश दिए जाएंगे।